बंद के आह्वान के बाद सोमवार की सुबह ही खुले बाजार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। सराफा कारोबारियों के समर्थन में उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल सहित कई व्यापारिक संगठनों द्वारा किए बाजार बंदी के आह्वान को शहर के व्यापारियों ने नकार दिया, जबकि ग्रामीण अंचल में भी इस बंद का मिला-जुला असर रहा। सादाबाद, सिकंदराराऊ, सादाबाद, सहपऊ, सासनी, हसायन, मुरसान, महौ, हाथरस जंक्शन, मेंडू कस्बों में बंद का कुछ असर दिखाई दिया।
सोमवार को सराफा कारोबारियों के समर्थन में प्रदेश बंद के साथ-साथ हाथरस बंद का आह्वान किया था। शहर के अधिकांश बाजार अपने निर्धारित समय पर खुले। कुछ बाजार सुबह के समय बंद रहे, लेकिन वह भी दोपहर तक पूरे खुल गए। बंद को सफल बनाने के लिए कई व्यापारी नेताओं ने दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद करने के लिए जनसंपर्क भी किया, लेकिन उस समय तो दुकानें बंद कर दीं, लेकिन उनके जाते ही बाजार खुल गए। शहर के घंटाघर, पसरट्टा बाजार, बैनीगंज, बांस मंडी, मुरसान गेट, रामलीला बाजार, बागला मार्ग, बैनीगंज, कमला बाजार, सासनी गेट सहित सभी प्रमुख बाजार खुले हुए थे। शहर में बंद का आह्वान पूरी तरह बेअसर रहा। बाजार आम दिनों की तरह खुले रहे और ग्राहकों की भीड़ भी अच्छी-खासी रही। लग ही नहीं रहा था कि किसी संगठन ने बंद का आह्वान किया है।