प्रमाणपत्र के साथ डांस प्रतियोगिता के प्रतिभागी बच्चे।
- फोटो : samvad
शहर के प्रतिष्ठित डी-3 डांस स्टूडियो द्वारा आयोजित मेगा डांस कैंप का शानदार प्रस्तुतियों के साथ समापन हो गया। कैंप के अंतिम दिन प्रतिभागी बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां देकर अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। बच्चों की ऊर्जा, आत्मविश्वास और मंच पर प्रस्तुति ने सभी की खूब सराहना बटोरी।
कैंप के दौरान बच्चों को विभिन्न नृत्य शैलियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षक कौशल अग्रवाल और पलक अग्रवाल ने नृत्य की बारीकियों के साथ-साथ बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों के आत्मविश्वास, अनुशासन और मंच संचालन क्षमता को विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सौरभ जैन रानू ने कहा कि कला और संस्कृति बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अभिभावकों ने भी डी-3 डांस स्टूडियो की सराहना की।