संवाद न्यूज एजेंसी, मुरसान।
क्षेत्र के गांव कटैला में पांच वर्षीय एक बालक की कूलर में करंट आने से मौत हो गई। बताया जाता है कि रंजीत निवासी कटैला मुरसान का पांच वर्षीय बड़ा बेटा कुनाल सोमवार की देर शाम को घर पर खेल रहा था। रंजीत अपने काम से खेत पर गया हुआ था। रंजीत की पत्नी घर पर काम में लगी हुई थी। कुनाल खेलते-खेलते घर में रखे हुए कूलर के पास पहुंच गया।
कुनाल ने जैसे ही कूलर को पकड़ा, वह उससे चिपका रह गया। काफी देर बाद जब उसकी मां ने उसे कूलर से चिपका हुआ देखा तो उसने कूलर के तार निकाल कर कुनाल को उससे अलग किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। यह देखकर परिजन आनन-फानन कुनाल को लेकर मुरसान प्राइवेट अस्पताल लेकर आए, लेकिन डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।