विकास भवन पर नारेबाजी कर प्रर्दशन करते पीआरडी जवान।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। लोकसभा चुनाव में पीआरडी जवानों की ड्यूटी लगाए जाने पर पैसे मांगे जाने का आरोप लगाते हुए पीआरडी जवानों ने विकास भवन परिसर में जमकर हंगामा काटा। यहां पीआरडी जवानों ने विकास भवन के गेट पर डीओ पीआरडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। पीआरडी जवानों का आरोप था कि चुनाव ड्यूटी में लगाने के लिए डीओ पीआरडी द्वारा पैसे लेकर ड्यूटी लगाई जा रही है। इस मामले में सीडीओ एसपी सिंह ने डीओ पीआरडी से कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं।
लोकसभा चुनाव में सभी विभागों से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। आयोग के निर्देशों के क्रम में यहां जिले में 80 पीआरडी जवानों को चुनाव प्रकिया में ड्यूटी पर लगाए जाने हैं। चुनाव में ड्यूटी लगाए जाने के लिए सभी पीआरडी जवानों को सोमवार को विकास भवन स्थित कार्यालय में बुलाया गया। विकास भवन में पहुंचने के कुछ ही देर बाद पीआरडी जवानों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। पीआरडी जवानों ने डीओ पीआरडी के खिलाफ विकास भवन के गेट पर जमकर नारेबाजी की।
पीआरडी जवानों का कहना था कि डीओ पीआरडी द्वारा चुनाव में ड्यूटी लगाए जाने के लिए एक हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से मांग की जा रही है। उन्हीं की ड्यूटी लगाई जा रही है, जो पैसे दे रहे हैं। ट्रैफिक में भी लगाने के लिए पैसे मांगे जा रहे हैं। इसी बात को लेकर पीआरडी जवानों ने जमकर हंगामा काटा और नारेबाजी की। इस प्रकरण में सीडीओ एसपी सिंह ने तत्काल प्रभाव से मामले की गंभीरता को लेते हुए डीओ पीआरडी जयपाल सिंह का एक दिन का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इस प्रकरण में अपना स्पष्टीकरण देने के आदेश दिए हैं।