संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
गांव नगला मया में खारे पानी की समस्या को लेकर अनशन कर रहे चंद्रपाल सिंह की अनशन के तीसरे दिन तबियत खराब हो गई। उच्चाधिकारियों के आदेश पर सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्रभारी चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में एक स्वास्थ्य टीम ने गांव पहुंचकर चंद्रपाल का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान प्रभारी बीडीओ नीरज गर्ग व एडीओ पंचायत उदय प्रताप सिंह अनशन समाप्त करने के लिए चंद्रपाल को समझाते दिखे।
बता दें कि चंद्रपाल नगला मया में खारे पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए काफी दिनों से मांग कर रहे थे। पिछले दिनों पेयजल पाइप लाइन का कार्य पूरा नहीं होने के कारण उन्होंने फिर से अनशन शुरू कर दिया। सोमवार को चंद्रपाल की तबियत बिगड़ गई।
प्रभारी चिकित्साधिकारी राजकिशोर वर्मा ने बताया कि अन्न, जल ग्रहण नहीं करने के कारण चंद्रपाल की तबियत बिगड़ गई। स्वास्थ्य टीम के आने के बाद प्रभारी खंड विकास अधिकारी व एडीओ पंचायत ने गांव नगला मया पहुंचकर चंद्रपाल सिंह से बातचीत करते हुए अनशन समाप्त करने की बात कही। इस पर चंद्रपाल ने कहा कि जब तक पेयजल परियोजना का कार्य पूरा नहीं हो जाता अनशन जारी रहेगा।