केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। बोर्ड के निर्देशों के तहत सभी स्कूलों को प्रयोगात्मक (प्रैक्टिकल) और आंतरिक मूल्यांकन (इंटरनल असेसमेंट) की प्रक्रिया तय समय सीमा में पूरी करनी होगी।
जिले में संचालित 43 सीबीएसई स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनवरी के अंत तक सभी विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं एवं आंतरिक मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी कर लें। फरवरी के पहले सप्ताह तक अंक सीबीएसई के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
इस वर्ष जनपद से करीब छह हजार छात्र-छात्राओं ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीयन कराया है। इनमें विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी तीनों संकायों के विद्यार्थी शामिल हैं। प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए बाह्य परीक्षक की तैनाती भी बोर्ड की ओर से की जाएगी, जबकि आंतरिक मूल्यांकन संबंधित विद्यालयों द्वारा किया जाएगा। विद्यालय प्रबंधन की ओर से छात्रों को प्रयोगात्मक परीक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
छात्रों को प्रोजेक्ट फाइल, प्रैक्टिकल फाइल, रिकॉर्ड बुक और अन्य जरूरी सामग्री समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रयोगात्मक परीक्षा और आंतरिक मूल्यांकन के अंक बोर्ड परीक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित उपस्थिति, फाइलों की पूर्णता और विषय की व्यावहारिक समझ से अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं। सीबीएसई के जिला प्रशिक्षण समन्वयक जेके अग्रवाल ने बताया कि करीब 10 फरवरी से पूर्व प्रयोगात्मक परीक्षा व आंतरिक परीक्षाओं के अंक अपलोड किए जाएंगे।
-