क्षेत्र के एक गांव में 10 वर्षीय बालक पर ट्रैक्टर चढ़ाकर हत्या की कोशिश करने और उसकी मां के साथ छेड़खानी करने के आरोप में पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित के पिता का कहना है कि चार जून की सुबह करीब सात बजे उनका पुत्र ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से जा रहा था। आरोपी मान सिंह और श्रीपाल पहले से घात लगाए बैठे थे। जैसे ही बालक श्रीपाल के घर के पास पहुंचा, आरोपियों ने उसे जान से मारने की नीयत से ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
चीख-पुकार सुनकर उसकी मां मौके पर पहुंची तो मान सिंह, श्रीपाल और रमेश ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ छेड़खानी की। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और तमंचे से फायरिंग कर जान से मारने की धमकी दी। थानाध्यक्ष अरविंद सक्सेना का कहना है कि तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। संवाद