शासन और यूपीपीसीएल के आदेश पर लाइन हानियां कम करने के लिए बिजली निगम के अधिकारी हरकत में आ गए हैं। अधिशासी अभियंता संदीप कुमार ने नगर क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने और लाइन हानियां घटाने के लिए उपखंड अधिकारियों के नेतृत्व में दो विशेष टीमों का गठन किया है। यह चेकिंग अभियान दो सितंबर से शुरू होकर 10 सितंबर तक निरंतर प्रभावी रहेगा।
पहली टीम में उपखंड अधिकारी विशाल निषाद के नेतृत्व में अवर अभियंता बृजेश कुमार, पंकज कुमार चौबे, अरुण कुमार और ललित कुमार यादव को शामिल किया गया है, जबकि दूसरी टीम में एसडीओ संदीप कुमार यादव के नेतृत्व में अवर अभियंता आयुष कंसल, रितु कुमार शर्मा और मनीष कुमार को जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान के पहले दिन दो सितंबर को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र नवीपुर टाउन के अंतर्गत मॉर्निंग रेड अभियान चलाया गया। इस दौरान ती उपभोक्ता अलग-अलग माध्यमों से कटिया डालकर व मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते पकड़े गए। दूसरे दिन ती सितंबर को तहसील फीडर पर चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें पुनः तीन उपभोक्ता बिजली चोरी में संलिप्त पाए गए। अधिशासी अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि चोरी में पकड़े गए सभी छह उपभोक्ताओं के विरुद्ध संबंधित थानों में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।