तालाब चौराहा पर सिकंदराराऊ रोड।
- फोटो : अमर उजाला
तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज का काम पूरा करने के लिए जल्द ही तालाब रेलवे क्रासिंग को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इसके लिए सेतु निगम के अधिकारी डीएम से अनुमति लेंगे। इधर, सड़क यातायात के आवागमन के लिए इस दौरान सबसे बड़ी समस्या यह आ रही है कि आखिर सिकंदराराऊ की ओर जाने वाले वाहनों को किस रास्ते से निकाला जाएगा। इसके लिए अधिकारी माथापच्ची कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि शहर वासियों को जाम से निजात दिलाने के लिए शहर के तालाब चौराहा पर ओवरब्रिज निर्माण कार्य किया जा रहा है। सेतु निगम ने शहर में आगरा-अलीगढ़ रोड पर कई पिलरों का निर्माण कार्य कर दिया है। अब रेलवे क्रासिंग के बीच का पुल रेलवे द्वारा बनाया जाना है। दो पिलरों के बीच 54 मीटर का गार्डर रखा जाएगा।
इसका ले आउट तैयार करने में अधिकारी जुटे हुए हैं। इस निर्माण के दौरान तालाब रेलवे फाटक बंद कर दिया जाएगा। वहीं आगरा अलीगढ़ रूट पर वर्तमान में जिस तरह से आवागमन हो रहा है, वह आवागमन उसी तरह से होगा। मथुरा के लिए आवागमन बाइपास कट से करने कोशिशें चल रही है। उ.प्र. राज्य सेतु निगम के एई सर्वेशपाल का कहना है कि सिकंदराराऊ मार्ग पर आवागमन को लेकर अन्य मार्ग तलाश जा रहा है।