सवारी के टिकट के बकाया राशि के रुपये देने में देरी करने पर रोडवेज बस के परिचालक को स्कॉर्पियो सवार लोगों ने पीट दिया। पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद सहित पांच-छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जनपद मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के गांव पृथ्वीपुर निवासी मोहित कुमार ने बताया कि वह रोडवेज में परिचालक के पद पर तैनात है। रविवार को वह और चालक जयपाल सिंह बल्लभगढ़ से अलीगढ़ के लिए सवारियां लेकर आ रहे थे। खैर से एक युवक बस में चढ़ गया उसने सौ रुपये देते हुए टिकट कटवाया था, परिचालक ने खुले रुपये नहीं होने के कारण 63 रुपये बाद में देने को बोल दिया इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई, युवक ने नादा पुल के समीप अपने दोस्तों को फोन कर बुला लिया। सफेद स्कॉर्पियो से आए उसके दोस्तों ने परिचालक मोहित को पीट दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी, पुलिस को आता देख युवक वहां से फरार हो गए। परिचालक की तहरीर पर पुलिस ने कुशल एवं मनोज चौधरी सहित पांच अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।