हाथरस। आदर्श गांव योजना के तहत सांसद द्वारा गोद लिए गए गांव अहवरनपुर में 15 महीने में 523 परिवारों में से किसी भी परिवार के किसी भी सदस्य का ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना के अंतर्गत खाता नहीं खोलने पर शाखा डाकपाल को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
डाक विभाग के उच्चाधिकारियों ने काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों केे खिलाफ सख्त रवैया अपना लिया है। तीन दिन पहले बिसाना उपडाकघर के शाखा डाकपाल को सस्पेंड किया जा चुका है। अब फिर से सहायक अधीक्षक डाकघर टीपी सिंह ने गांव अहरवरनपुर के शाखा डाकपाल को चेतावनी पत्र जारी कर दिया है। पत्र में कहा है कि गांव अहरवरनपुर में प्रत्येक परिवार के कम से कम एक सदस्य का ग्रामीण डाक जीवन बीमा किए जाने और एक बचत बैंक योजना के तहत खाते खोलने एवं एक से दस साल तक की बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोलने का लक्ष्य प्रदान किया गया था, लेकिन 15 माह बीत जाने के बाद भी अभी तक गांव के 523 परिवारों में किसी व्यक्ति का न तो खाता खोला गया है और न ही बीमा किया गया है। जबकि गांव में कई बार सभी योजनाओं का प्रचार प्रसार भी किया जा चुका है, इसलिए यदि जल्द ही ग्रामीण डाक जीवन बीमा योजना में 523 पॉलिसी तैयार करके संबधित कार्यालय को नहीं भिजवाई गई तो नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।