छोटेलाल गौतम जिला फतेहपुर के जहानाबाद क्षेत्र के गांव किशनपुर कपली के रहने वाले हैं और चंदपा क्षेत्र के गांव मीतई स्थित जवाहर स्मारक इंटर कॉलेज में भूगोल विषय के प्रवक्ता के पद पर तैनात हैं। वह आगरा रोड स्थित आशीर्वाद कॉलोनी में मकान बनाकर रहे रहे हैं।
इस मामले में गवाही के दौरान छोटेलाल की पत्नी वीरांगना ने बताया कि विकास निवासी किशनपुर कपली गांव के रिश्ते से उनके पति का भतीजा लगता है। वह अपने दोस्त लल्लू के साथ घटना वाली रात 9.10 बजे उनके घर पहुंचे और उनके घर पर रुके थे। रात करीब डेढ़ बजे विकास और उसके दोस्त ने पहले छोटेलाल पर चाकू से हमला किया। उसके बाद सृष्टि और विधि का चाकू से गला काट दिया। इस दौरान वीरांगना की आंख खुल गई और विरोध करने पर उन पर भी हमला किया। वीरांगना भागकर गेट तक पहुंचीं और शोर सुनकर पड़ोसी भी एकत्र हो गए, जिसके बाद दोनों भाग गए थे। लहूलुहान दंपती को उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
अबोध बच्चियों ने संसार को ठीक से देखा भी नहीं, चंद रुपयों के लिए किया विश्वास का कत्ल : अदालत
विशेष न्यायाधीश एससीएसटी एक्ट राम प्रसाद सिंह ने फैसला सुनाते हुए बताया कि वीरांगना की अबोध बच्चियों से हत्यारों की कोई रंजिश भी नहीं थी। वीरांगना की अबोध व मासूम बच्चियों ने जीवन के विभिन्न रंग और संसार को ठीक प्रकार से देखा भी नहीं था। दोनों बच्चियां अपना प्राकृतिक जीवन भी ठीक प्रकार से प्रारंभ भी नहीं कर पाई थीं। विश्वास का कत्ल करके, रिश्तों को ताक पर रखकर चंद रुपयों के लालच में यह क्रूरतापूर्ण घटना कारित की गई है।