बेटे की राजीखुशी लेने के उनके पिता व भाई फिरोजाबाद से हाथरस मिलने आए। दोनों को वह जिंदा नहीं मिला। उसका शव बस स्टैंड पर मिला। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल पुलिस उसके मोबाइल से मिले नंबरों के आधार पर कुछ लोगों से बात कर उसके कामकाज के बारे में जानकारी कर रही है।
हाथरस कोतवाली सदर क्षेत्र के बस स्टैंड पर 29 अगस्त सुबह एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत 30 वर्षीय कर्मी रवि का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
रवि की राजीखुशी लेने के उनके पिता हरिश्चंद्र व भाई नितिन फिरोजाबाद के थाना मक्खनपुर के गांव नगला महुआ से 29 अगस्त सुबह ही हाथरस पहुंचे थे, दोनों को उसका शव मिला। जिसे देख कर दोनों के आंसू निकल पड़े। पुलिस ने शव के पास मिले मोबाइल फोन से नंबर डायल कर कुछ जानकारी करनी शुरू की थी। इसी बीच फोन पर रवि के पिता हरिशचंद्र ने फोन किया, पुलिस कर्मी ने फोन उठाया और पूरा वाकया उन्हें बताया। हरिशचंद्र ने फोन पर बताया कि वह अपने बेटे रवि से मिलने के लिए ही उसके भाई नितिन के साथ हाथरस आए हैं। उसकी मौत की सूचना मिलने पर पिता और भाई पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। यहां उसका शव देखकर दोनों के आंसू निकल पड़े।
मृतक के पिता हरिशचंद्र ने बताया कि यह तो ज्ञात नहीं है कि किस फाइनेंस कंपनी में काम करता था, लेकिन एक कंपनी में काम करता था। एक महीने पूर्व इसी कंपनी में भरतपुर राजस्थान में कार्य कर रहा था। उसी कंपनी की नई शाखा खुलने पर हाथरस में पोस्टिंग करा ली थी। हम दोनों उससे मिलने के लिए ही आए थे। एक साल पूर्व ही रवि की शादी हुई है और उसकी पत्नी गर्भवती है। परिवार के सदस्य रवि की मौत के कारणों को लेकर संशय में हैं। इधर, पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। फिलहाल पुलिस उसके मोबाइल से मिले नंबरों के आधार पर कुछ लोगों से बात कर उसके कामकाज के बारे में जानकारी कर रही है।