ईंट भट्ठे के निकट शव मिला। मृतक के मुंह से कीटनाशक का सेवन करने जैसी तेज गंध आ रही थी, जिससे प्रथमदृष्टया जहरीला पदार्थ का सेवन करने से मौत होने की संभावना है।
सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत सलेमपुर रोड पर एक ईंट भट्ठे के निकट 29 मई की दोपहर एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर काफी लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस शव को लेकर सीएचसी पहुंची, जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। शव की काफी देर बाद शिनाख्त हो सकी।
विज्ञापन
कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि उक्त शव की शिनाख्त गांव ऊघई निवासी कप्तान सिंह 50 वर्ष के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि मृतक के मुंह से कीटनाशक का सेवन करने जैसी तेज गंध आ रही थी, जिससे प्रथमदृष्टया जहरीला पदार्थ का सेवन करने से मौत होने की संभावना है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इसके बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चल सकेगा। इधर, मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।