हाथरस। विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों सभी मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी। अपर जिलाधिकारी प्रशांत तिवारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष अभियान दिवसों में मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम हटवाने और संशोधन के लिए दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए फार्म-छह, छह ए, सात और आठ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहेंगे। मतदाताओं को फार्म भरने में हेल्प डेस्क पर सहायता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान का शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। शहरों में रिक्शों पर लाउडस्पीकर और गांवों में डुगडुगी पिटवाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। अभियान के दौरान अधिकारियों की टीमें मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण भी करेंगी। प्राप्त फार्मों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखा जाएगा और अभियान की प्रतिदिन समीक्षा होगी।