हाथरस के 19 हजार नलकूप उपभोक्ताओं का बिजली बिल माफ होगा। बिजली विभाग को इन उपभोक्ताओं से हर माह ढाई करोड़ रुपये का राजस्व मिलता है। इन दिनों मीटर लगाने का काम चल रहा है। जो उपभोक्ता मीटर नहीं लगवाएंगे, उन्हें इसका फायदा नहीं मिल सकेगा।
उल्लेखनीय है कि शासन के निर्देश पर नलकूप किसानों के बिल माफी की घोषणा की गई है। पहले किसानों से 175 रुपये हार्स पावर के हिसाब से आधा बिल लिया जा रहा था। बजट में प्रदेश स्तर से नलकूप किसानों का बिजली बिल माफ करने की बात कही गई है। इसका जिले के 19 हजार किसानों को फायदा होगा। इन किसानों से पूरे साल में करीब 31 करोड़ रुपये का राजस्व आता है।
विभाग द्वारा 31 मार्च तक 11 हजार के करीब उपभोक्ताओं के यहां खपत का आकलन करने के लिए मीटर लगाए जा रहे हैं। किसान मीटर लगवाने में आनाकानी कर रहे हैं। यदि वह मीटर नहीं लगवाएंगे तो वह बिजली बिल माफी से वंचित रह जाएंगे।
मामले में अधीक्षण अभियंता एमपी सिंह का कहना है कि नलकूप किसानों के यहां खपत का आकलन करने के लिए मीटर लगाए जा रहे हैं। जो मीटर नहीं लगवाएंगे उनको बिजली बिल माफी का लाभ नहीं मिलेगा।