आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंदपा के निकट शुक्रवार की दोपहर को तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अमित (25) की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि हसायन क्षेत्र के गांव नगला आल निवासी अमित शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे अपनी बाइक से आगरा जा रहे थे। अमित आगरा की कंपनी में नौकरी करते थे। अलीगढ़ की ओर से आते तेज रफ्तार डंपर ने अमित की बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद चालक डंपर को लेकर सादाबाद की ओर भाग गया। मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई।
शव को एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद मौके पर जाम लग गया। सूचना पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, पुलिस डंपर चालक की तलाश में जुट गई है। अमित अभी अविवाहित थे।