मंडी समिति में जल्द खुल सकता है बड़ा घोटाला
आढ़तियों के चेक बाउंस के बाद आई राशि नहीं की कोष में जमा
स्पेशल ऑडिट के लिए अफसरों ने लिखा पत्र, खंगाली जा रही पत्रावलियां
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मंडी समिति में जल्द बड़े घोटाले का खुलासा हो सकता है। आढ़तियों के चेक बाउंस के बाद ली गई राशि को मंडी कर्मी ने कोष में जमा नहीं किया है। मंडी प्रशासन द्वारा अफसरों को स्पेशल ऑडिट कराने के लिए पत्र लिखा है। मंडी प्रशासन इस घोटाले से जुड़ी पत्रावलियां खंगलवाने के साथ बैंक में पूर्व में लगाए चेकों का मिलान कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि मंडी समिति आए-दिन चर्चाओं में रहती है। हाथरस मंडी में एक नया मामला प्रकाश में आया है। कार्यालय में पूर्व में तैनात रहे कोष लिपिक द्वारा आढ़तियों से चेक लेने के बाद बैंक में लगाए। वह बाउंस हो गए। उसके बाद फर्मों ने मंडी प्रशासन को भुगतान कर दिया। अधिकारियों की मानें तो यह पैसा मंडी के कोष में जमा नहीं हुआ है। इस कारण राजस्व के मिलान में अंतर आ रहा है। नए सचिव यशपाल सिंह ने कार्यभार संभालने के साथ पत्रावलियों को खंगालना शुरू कर दिया गया है।
अधिकारियों की मानें तो कई लाख रुपये के अंतर का मामला है, इसलिए अभी कुछ स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। अभी इस मामले में पड़ताल चल रही है। इस मामले में मंडी सचिव यशपाल सिंह का कहना है कि मैने अभी कुछ दिन पहले कार्यभार संभाला है। चेक बाउंस व भुगतान का मामला प्रकाश में आया है। इससे संबधित पत्रावलियों की जांच की जा रही है। स्पेशल ऑडिट के लिए लिखा गया है।