हाथरस। सावधान.. कटकने और खतरनाक कुत्तों से बचकर रहें, क्यों कि जिला अस्पताल मेें जहां एंटी रैबीज इंजेक्शन खत्म हो गए हैं, वहीं ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्र के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर खासी कमी हो गई है।
जिला अस्पताल में पिछले दो दिन से एंटी रैबीज इंजेक्शन खत्म हो गए हैं। दो दिन से मरीज बिना इंजेक्शन लगवाए अस्पताल से लौट रहे हैं, उन्हें मजबूरी में बाजार से प्राईवेट रूप से महंगा इंजेक्शन खरीदकर लगवाना पड़ रहा है। इससे मरीजों व उनके तीमारदारों में काफी रोष बना हुआ है। इधर, ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में एंटी रेबीज इंजेक्शन की खासी कमी हो गई है। अधिक जरूरतमंद लोगों को ही यह इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। यह अस्पताल भी इंजेक्शन के लिए जिला अस्पताल पर ही निर्भर हैं। ऐसे में अब लोगों के अलावा बच्चों को भी अपने इलाके के खतरनाक कुत्तों सें बचकर रहना होगा।
जिला अस्पताल में सिर्फ इमरजेंसी में ही एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं। रूटीन में यह इंजेक्शन मरीजों को उपलब्ध नहीं हैं। 600 वॉइल की डिमांड भेज दी गई है। दो-तीन दिन में वॉइल आ जाएंगे और समस्या दूर हो जाएगी। -डॉ. एमएल अग्रवाल, सीएमएस, जिला अस्पताल