फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras: खुद को मरा दिखाने के लिए भिखारी की आग लगाकर हत्या, बर्खास्त सिपाही निकला मास्टरमाइंड, आरोपी गिरफ्तार

Thu, 16 Apr 2026 11:25 AM IST
Chaman Kumar Sharma अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस

सार

हाथरस रोड हाल्ट के टिनशेड में एक अज्ञात बुजुर्ग का जला हुआ शव मिला था। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने थाना हाथरस सिटी में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी रामवीर सिंह पहले यूपी पुलिस में आरक्षी था, लेकिन आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते उसे बर्खास्त कर दिया गया था।
विज्ञापन
हाथरस रोड रेलवे स्टेशन पर मिला एक जले हुए साधु का शव - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्वोत्तर रेलवे के हाथरस रोड रेलवे हाल्ट पर मिले जले हुए शव के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में उत्तर प्रदेश पुलिस का बर्खास्त पूर्व आरक्षी ही इस सनसनीखेज वारदात का मास्टरमाइंड निकला। उसने खुद को मृत दिखाने के लिए एक बुजुर्ग भिखारी की आग लगाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

विज्ञापन


गौरतलब है कि 12 मार्च को पूर्वाेत्तर रेलवे के हाथरस रोड हाल्ट के टिनशेड में एक अज्ञात बुजुर्ग का जला हुआ शव मिला था। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने थाना हाथरस सिटी में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी रामवीर सिंह मैनपुरी जनपद के थाना किशनी क्षेत्र का निवासी है।
यह भी पढ़ें ... Hathras News: रेलवे स्टेशन पर मिला जले हुए साधु का शव, फैली सनसनी, हत्या कर जलाने की जताई जा रही आशंका
विज्ञापन

वह पहले यूपी पुलिस में आरक्षी था, लेकिन आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते उसे बर्खास्त कर दिया गया था। आरोपी के खिलाफ फिरोजाबाद, अलीगढ़, मुरादाबाद, हरदोई, मैनपुरी और बदायूं समेत कई जिलों में हत्या, लूट, अपहरण और धोखाधड़ी जैसे करीब 13 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि उसने ही भिखारी को जलाकर मार दिया।

जीआरपी हाथरस सिटी सुयश सिंह ने बताया कि आरोपी ने योजना बनाई कि किसी ऐसे व्यक्ति की हत्या की जाए, जिसकी पहचान आसानी से न हो सके और जिसकी कोई पैरवी करने वाला भी न हो। इसी साजिश के तहत उसने भीख मांगने वाले एक बुजुर्ग को निशाना बनाया और उसे मारकर जला दिया। वारदात के बाद आरोपी ने अपना पहचान पत्र और अन्य सामान शव के पास रख दिए, ताकि पुलिस उसे मृत समझ ले और वह मुकदमों में जेल जाने से बच सके। हालांकि यह चाल ज्यादा दिन नहीं चल सकी और जांच में सच्चाई सामने आ गई।

विज्ञापन

घटना के दौरान खुद भी झुलसा आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना को अंजाम देते समय वह खुद भी झुलस गया था। करीब 40 फीसदी झुलसने के कारण वह अपना इलाज करा रहा था। पुलिस की टीम ने आरोपी को एंबुलेंस में लेकर मौका मुआयना किया था।

शव की शिनाख्त नहीं कर पाई जीआरपी
जीआरपी ने मामले का खुलासा कर हत्यारोपी को तो गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं कर पाई है। जीआरपी प्रभारी सुयश सिंह ने बताया कि शिनाख्त किए जाने के लिए लगातार कोशिश जारी है। जगह-जगह सूचना पोस्टर लगवाए जाएंगे। उम्मीद है कि जल्द ही शव की शिनाख्त कर ली जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें