बीएसए के हस्ताक्षर की मुहर का दुरुपयोग करने के आरोप में बाबू को निलंबित किया गया है। बाबू पर गम्भीर अनियमितताओं, कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरते जाने का भी आरोप है। निलंबन अवधि में बाबू को सिकंदराराऊ एबीएसए कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
गजेंद्र कुमार बीएसए दफ्तर में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात है। उस पर आरोप है कि बीएसए की बिना अनुमति के उनके हस्ताक्षर की मुहर बनवा कर, बिना किसी आदेश के अपने मनमाने तरीके से उस मुहर का दुरुपयोग किया गया है।
इसके अलावा बीएसए द्वारा जारी की गई नि:शुल्क दाखिले की सूची से इतर बच्चों का प्रवेश कर, फीस माफी के लिए प्रधानाचार्य/प्रबंधकों आदेश दिए जाने का भी आरोप है। इन्हीं सब आरोपों को लेकर बीएसए ने वरिष्ठ लिपिक गजेंद्र कुमार के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। बीएसए हरीशचंद्र ने बताया कि गजेंद्र कुमार वरिष्ठ लिपिक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। उस पर बिना किसी आदेश के बीएसए के हस्ताक्षर की मुहर बनवाना और फिर उस का प्रयोग गलत तरीके से करने का आरोप है।