जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुरसान और सादाबाद ब्लॉक के विद्यालयों में अब छात्राओं को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण शुरू कराया जा रहा है।
विद्यालयों में खेल सुविधाओं के अभाव के चलते कई छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन नहीं कर पाती थीं। इसको ध्यान में रखते हुए शिक्षा विभाग ने लगभग 45.5 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर विद्यालयों में खेल संरचनाओं को विकसित करने की योजना को आगे बढ़ाया है। अधिकारियों के अनुसार कोर्ट निर्माण के साथ-साथ मैदान के समतलीकरण, बाउंड्री निर्माण, ग्राउंड मार्किंग और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था भी कराई जाएगी।
इसके अलावा छात्राओं को नियमित स्पोर्ट्स किट जैसे बास्केटबॉल, बैडमिंटन रैकेट, शटल कॉक, नेट, स्पोर्ट्स जर्सी आदि सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे प्रतियोगिताओं में बेहतर तैयारी के साथ भाग ले सकें। इससे बालिकाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और उनकी शारीरिक फिटनेस व मानसिक विकास में भी सुधार होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक संतप्रकाश ने बताया कि इन खेल सुविधाओं के शुरू होने से छात्राओं को जिला, मंडल और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के अवसर मिलेंगे।