पंजाब नेशनल बैंक के हेड कैशियर के मोबाइल पर ओटीपी आया और फिर एक के बाद एक तीन मैसेज 10 लाख रुपये खाते से कटने के आए। इसकी जानकारी होने पर संजय के होश उड़ गए।
हाथरस की पंजाब नेशनल बैंक के हेड कैशियर से 10 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने इस मामले में साइबर थाना में तहरीर दी है।
विज्ञापन
हाथरस कोतवाली सदर के चक्की बाजार निवासी संजय जैन शहर के सादाबाद गेट स्थित पंजाब बैंक में हेड कैशियर हैं। 9 जनवरी की शाम को संजय शहर के एक डाॅक्टर के पास दवा लेने गए। इस दौरान उनके मोबाइल पर ओटीपी आया और फिर एक के बाद एक तीन मैसेज 10 लाख रुपये खाते से कटने के आए। इसकी जानकारी होने पर संजय के होश उड़ गए।
उन्होंने तुरंत ही बैंक से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। बैंक में जाकर भी बातचीत की गई। जानकारी मिली कि कटे हुए रुपये आईडीबीआई बैंक और बंधन बैंक स्थित खाते में ट्रांसफर किए गए हैं। काफी छानबीन के बाद भी रुपये वापस नहीं हो सके। इस मामले की शिकायत लेकर हेड कैशियर साइबर थाना पहुंचे। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।