शहर के बागला मार्ग स्थित दुकान पर चूड़ियां पसंद करतीं महिलाएं। संवाद
- फोटो : Archive
त्योहारों के सीजन में शहर के बाजारों में सुहाग की प्रतीक कांच की चूड़ियां महिलाओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। फिरोजाबाद के प्रसिद्ध चूड़ी कारोबार के दोबारा पटरी पर लौटने का सीधा और सकारात्मक असर शहर के चूड़ी बाजार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। शहर की प्रमुख दुकानों पर नया स्टॉक पहुंचते ही महिलाओं की भीड़ अपनी मनपसंद चूड़ियां खरीदने के लिए उमड़ने लगी है।
दुकानों में सजीं रंग-बिरंगी, स्पार्कल और लटकन वाली चूड़ियां की चमक देखते ही बन रही हैं। फिरोजाबाद के कारीगरों द्वारा तैयार की गईं नई वैरायटी की चूड़ियां महिलाओं को खूब भा रही हैं। खास बात यह है कि इस बार परंपरागत लाल और हरी चूड़ियों के अलावा वेलवेट टच, जरकन वर्क, मैटेलिक शेड्स और थ्री-डी कटिंग वाली चूड़ियों की सबसे ज्यादा मांग है।
महिलाएं अपनी साड़ियों और लहंगों की मैचिंग के हिसाब से चूड़ियों के कस्टमाइज्ड सेट बनवाने में काफी दिलचस्पी दिखा रही हैं। स्थानीय दुकानदार विनोद कुमार का कहना है कि नए स्टॉक के आते ही बिक्री में काफी इजाफा हुआ है। महिलाएं दुकान पर बैठकर अपनी कलाइयों के लिए सबसे खास और नई डिजाइन की चूड़ियां चुन रही हैं।
दुकानदार रमेश गुप्ता ने बताया कि बाजार में आई इस नई चमक से न सिर्फ व्यापार चमका है, बल्कि खरीदारी करने आ रहीं महिलाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ये नए डिजाइन और शेड्स पसंद कर रहीं महिलाएं
-फैंसी और फ्यूजन वर्क : कांच की पारंपरिक चूड़ियों पर मेटल और जरकन का कॉम्बिनेशन महिलाओं को खूब पसंद आ रहा है।
-मैचिंग और थीम कड़ा सेट : साड़ियों के रंगों से मेल खाते चूड़ा सेट और कड़ों के साथ चूड़ियों की मिक्सिंग का क्रेज भी बढ़ा है।