न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस जिला कारागार के निर्माण के लिए शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से भूमि के बैनामे की कार्रवाई की गई। इस मौके पर किसानों की भूमि का बैनामा प्रशासन द्वारा राज्यपाल के नाम कराया गया। शासन स्तर से कारागार के निर्माण के लिए बजट आवंटित किया गया था। इस मौके पर 12 किसानों के भूमि के बैनामे किए गए।
जिला प्रशासन ने जिला कारागार बनाए जाने के लिए इगलास रोड पर गांव बीछिया के निकट जमीन का चिह्नांकन किया था। प्रशासन की ओर से कारागार निर्माण के लिए 60 एकड़ भूमि को चिन्हित किया गया है। इस भूमि के बैनामा के लिए प्रशासन ने करीब 59 करोड़ रुपये के बैनामा होने की लागत लगाकर शासन को प्रस्ताव भेजा था। इस बाबत शासन की ओर से विगत में बैनामा कराए जाने के लिए 8.75 करोड की प्रथम किश्त दी गई थी।
इस धनराशि के आने के बाद जिला प्रशासन ने 9 किसानों की 4.224 हेक्टेयर भूमि का बैनामे की कार्रवाई पूरी की थी। प्रशासन की ओर से 8.45 करोड रुपये की लागत का बैनामा कर लिया गया है। इसके बाद शासन स्तर से शेष धनराशि भेजे जाने की डिमांड की गई थी। शेष धनराशि व निबंधन शुल्क आने के बाद शनिवार को जिला प्रशासन की ओर से कारागार निर्माण के लिए भूमि का बैनामा किया गया। जिला प्रशासन की ओर से 12 किसानों की 9.85 करोड़ रुपये के बैनामे हुए। शेष बैनामे सोमवार को किए जाएंगे।