प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) में जिले की 52 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी ने इन ग्राम पंचायतों में पांच बिंदुओं पर विकास कार्य कराने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। सभी एडीओ पंचायत को अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित चयनित ग्राम पंचायतों की विकास योजना में 5 बिंदुओं पर विकास कार्य की ग्राम विकास योजना तैयार कर ग्राम अभिसरण समिति से अनुमोदन कराकर भेजने के लिए कहा है।
इस कार्ययोजना में सभी ग्राम पंचायत सदस्यों, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से विकास कार्यों के संबंध में प्रस्ताव लिए जाएंगे। इस कार्ययोजना में ग्राम पंचायत में पेयजल आपूर्ति, खराब हैंडपंपों को रिबोर, नए हैंडपंप लगाने, सफाई के लिए नालियों का निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के तहत होने वाले कार्यों को शामिल किया जाएगा।
साथ ही विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी, आधार जरूरत वाली सभी सुविधाओं को शामिल किया जाएगा। जिस ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र का भवन नहीं है, वहां भवन निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल किया जाएगा। गांवों में प्रकाश की व्यवस्था के लिए गलियों सोलर लाइट लगवाई जाएगी। कार्ययोजना को समाज कल्याण विभाग के माध्यम से स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
इन बिंदुओं पर तैयार होगी ग्राम विकास योजना
- पेयजल व स्वच्छता से संबन्धित आधारभूत संरचनाओं का विकास।
- ठोस और तरल अपशिष्ट निपटान सुविधाओं का विकास।
- विद्यालय व आंगनबाड़ियों केंद्रों में शौचालयों के निर्माण कार्य।
- जहां आंगनबाड़ी केंद्र का भवन नहीं, वहां भवन का निर्माण।
- गांव में सोलर लाइट और स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य।
-पीएम अजय योजना के तहत 52 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इन पंचायतों की ग्राम विकास योजना जल्द ही तैयार कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
साहित्य प्रकाश मिश्र, सीडीओ।