गांव भकरोई में तप करता युवक। संवाद
- फोटो : Samvad
बारिश का इंतजार लंबा हुआ तो फसलों की चिंता के बीच मुरसान क्षेत्र के गांव भकरोई में एक युवक अच्छी बारिश की कामना लेकर खेत में तप करने बैठ गया। गांव के समीप राजवीर सिंह के खेत में धर्मवीर ने करीब 11 स्थानों पर कंडों में आग जलाई और उनके बीच बैठकर तप शुरू कर दिया। युवक के तप करने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते खेत में भजन-कीर्तन शुरू हो गया और ग्रामीण बारिश के लिए प्रार्थना करने लगे।
ग्रामीणों के अनुसार भकरोई निवासी धर्मवीर पुत्र फतेह सिंह मालवाहक वाहनों पर चालक का काम करता है। उसके तीन बड़े भाई हैं। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे वह घर से निकला और गांव के पास खेत में पहुंच गया। यहां उसने बारिश होने की कामना को लेकर तप शुरू कर दिया। तप के दौरान वह किसी से बात भी नहीं कर रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रविवार दोपहर से मंगलवार देर शाम तक धर्मवीर ने पानी के अलावा कुछ खाया-पीया नहीं है। वह लगातार कंडों की धूनी के बीच बैठा हुआ है।
फसलों को बारिश का इंतजार : गांव और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है। धान, बाजरा समेत अन्य फसलें सूखने के कगार पर पहुंचने लगी हैं। ग्रामीणों के मुताबिक धर्मवीर ने तप पर बैठने से पहले किसानों और ग्रामीणों की भलाई के लिए अच्छी बारिश होने की कामना की थी। धर्मवीर के तप की जानकारी फैलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण खेत पर पहुंच रहे हैं। लोग उसके आसपास बैठकर भजन-कीर्तन कर बारिश के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। खेत में तप और सामूहिक भजन-कीर्तन का यह दृश्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।