फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hathras: शाम ढलते ही गलियों में छा जाता है अंधेरा, अपराधों का बढ़ जाता खतरा, खराब पड़ीं स्ट्रीट लाइट

Sun, 28 Dec 2025 02:40 AM IST
अलीगढ़ ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, हाथरस

सार

अधिशासी अधिकारी का कहना है कि लाइट हैं नहीं, टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद लाइट लगवाई जाएंगी। यानी इस बार की सर्द रातें अंधेरे में ही गुजारनी पड़ेंगी।
विज्ञापन
सोखना जाने वाले रास्ते पर खराब पड़ी लाइट - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हाथरस शहर की सर्द रातें नगर पालिका परिषद की अनदेखी से अंधेरे में कट रही हैं। शाम ढलते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है। शहर के बाहरी क्षेत्र में रह रहे लोग अधिक परेशान हैं, जहां हर समय चोरी की घटनाओं का डर बना रहता है। शहर में लगातार घटनाएं हो भी रही हैं, लेकिन नगर पालिका लाइट लगाने में असमर्थता जता रही है। अधिशासी अधिकारी का कहना है कि लाइट हैं नहीं, टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद लाइट लगवाई जाएंगी। यानी इस बार की सर्द रातें अंधेरे में ही गुजारनी पड़ेंगी।

विज्ञापन


नगर पालिका बोर्ड की 12 नवंबर को हुई मासिक बैठक में शहर में स्ट्रीट लाइट लगवाने के प्रस्ताव पास हुए थे। लगभग 6.96 करोड़ रुपये से शहर के 17 स्थानों पर ऑक्टागोलन पोल व स्ट्रीट लाइटें लगाई जानी हैं। इसके तहत 52 वाट से 72 वाट तक की तीन हजार लाइटों का प्रस्ताव है। नई लाइटों के अलावा शहर में 14263 लाइटें लगी हुईं हैं। इनका रखरखाव अब तक ईईएसएल कंपनी कर रही थी। अनुबंध समाप्त होने पर पालिका द्वारा स्वयं रखरखाव का प्रस्ताव लाया गया था। यह प्रस्ताव भी पास हो गया था, लेकिन डेढ़ महीने बाद भी दोनों ही प्रस्तावों की टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।

एक साल से अधिक समय हो गया। बिना लाइट लगाए ही पोर्टल की शिकायत को निस्तारित कर दिया जाता है। इस बार भी नगर पालिका के अधिकारियों ने कह दिया कि लाइट नहीं है, जबकि हमारी कॉलोनी में शाम होती ही घुप अंधेरा हो जाता है।-चिराग चौधरी, सुखराम कॉलोनी
जब से गांव नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हुआ है, तब से लाइट की व्यवस्था पर कोई ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है। हाईवे पर लाइट हैं, लेकिन गलियों में अंधेरा छाया रहता है।-महादेव, गिजरौली

विज्ञापन

स्ट्रीट लाइटें तो लगी हैं, लेकिन अधिकतर खराब हैं। कई बार शिकायत कर चुके हैं। गणेश सिटी में चोरी भी हो चुकी है। अंधेरा होने के कारण डर बना रहता है।-रवेंद्र सिंह, कलवारी रोड
गांव में लाइट नहीं है। यहां तक की श्मशान के रास्ते पर अंधेरा है। पोर्टल पर भी शिकायत की है, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।-मीनेंद्र कुमार, सोखना
पालिका स्टोर में नई लाइटें नहीं हैं। खराब लाइटों को कर्मचारियों को भेजकर ठीक कराया जा रहा है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर लाइटें लगवाई जाएंगी।-रोहित सिंह, ईओ, नगर पालिका परिषद हाथरस

विज्ञापन

शहर में 30 फीसदी स्ट्रीट लाइट खराब

शहर में ईईएसएल द्वारा पिछले छह साल में 14 हजार 263 लाइटें लगाईं है। इनमें से 30 फीसदी लाइटें खराब हो गई हैं। यही नहीं 1948 लाइटें चोरी भी हो चुकी हैं। बोर्ड की बैठक में यह मुद्दा गूंजा था, लेकिन अभी तक लाइटें ठीक कराई नहीं गई हैं।

बोली पालिका, नहीं है लाइट
रामचंद्र, सुखराम कॉलोनी, महादेव नगर के रहने वाले चिराग चौधरी पिछले एक साल से लगातार लाइट के लिए शिकायत कर रहे हैं। चिराग का कहना है कि उनके वार्ड 16 में अभी तक लाइट नहीं लगी है। एक साल पहले की गई शिकायत में यह जवाब दे दिया गया था कि ईईएसएल वहां लाइट लगा चुकी है। अब दोबारा पोर्टल पर शिकायत की तो अधिशासी अधिकारी ने जवाब दिया कि पालिका के स्टोर में लाइटें उपलब्ध नहीं हैं। टेंडर प्रक्रिया के बाद नई लाइट लगवा दी जाएंगी।

गलियों से लेकर सड़कों तक अंधेरा
दयानतपुर, हतीसा, मीतई, नगला भुस, सोखना, महादेव नगर सहित शहर में तमाम ऐसे इलाके हैं, जहां रात में अंधेरा छाया रहता है। 24 दिसंबर को शहर की पॉश कॉलोनी रामनगर में चिकित्सक के घर से चोर लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे। इन घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। नगर पालिका में शामिल हुए नए क्षेत्रों में अभी तक लाइट नहीं लग सकी हैं।

इन वार्ड में छाया रहता है अंधेरा
वार्ड 9 - जोगिया
वार्ड 11 - तमना गढ़ी
वार्ड 19 - भगवंतपुर
वार्ड 25 - नगरिया नंदराम
वार्ड 6 - मीतई
वार्ड 1 - नहरोई, नगला धन सिंह
वार्ड 16 - सोखना
वार्ड 17 - गिजरौली
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें