जिला न्यायालय में 31 दिसंबर तक शीतकालीन अवकाश हैं। एक जनवरी को न्यायालय खुलेंगे। एक सप्ताह से ड्यूटी मजिस्ट्रेट की ही कोर्ट संचालित है। एक जनवरी को कोर्ट खुलते ही सालभर चर्चा में रहे प्रमुख मामलों में सुनवाई होगी।
बता दें कि शहर के बहुचर्चित प्रोफेसर कांड में 22 दिसंबर को सुनवाई हुई थी। सातवें गवाह के रूप में महिला चिकित्सक के बयान होने थे। महिला चिकित्सक के अवकाश पर होने के कारण उनके बयान नहीं हो सके थे। इस प्रकरण में जल्दी तिथि लग रही थीं, लेकिन शीतकालीन अवकाश के चलते दो जनवरी तिथि लगाई गई। पीसी बागला डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर पर छात्राओं को डरा-धमकाकर और प्रलोभन देकर यौन शोषण करने का आरोप लगा था। उनके पास से पुलिस ने करीब 59 वीडियो भी बरामद किए थे। 21 मार्च को पुलिस ने प्रोफेसर को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तब से प्रोफेसर जेल में है।
प्रोफेसर कांड के अलावा सादाबाद के 20 साल पुराने चांदी लूट कांड में भी दो जनवरी की तिथि लगी है। लूट का बरामद माल तथा गवाहों के पेश न होने के कारण कोर्ट ने नाराजगी जताई थी। इस मामले में दो जनवरी को मुकदमे के विवेचक व गवाह के उपस्थित होने की संभावना है, जिनके समक्ष बरामद माल की तस्दीक कराई जाएगी। इधर, सत्संग कांड की सुनवाई एक जनवरी को होगी।