सिकंदराराऊ में तेज बारिश के बाद मोहल्ला बारहसैनी की गली में भरा पानी। संवाद
- फोटो : Samvad
जिले में बृहस्पतिवार को पूरे दिन तपती गर्मी से बेहाल रहे लोगों को शाम होते ही राहत मिल गई। तेज आंधी के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे गर्मी से राहत मिली। रात करीब आठ बजे फिर तेज आंधी चली, जिससे चारों तरफ धूल के गुबार छा गए और सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया। खबर लिखने तक जिले में कहीं से भी नुकसान की कोई खबर नहीं थी।
सुबह से ही सूर्य की तेज किरणों के कारण सड़कों पर निकलना मुश्किल बना रहा। दोपहर के समय बाजारों और मुख्य मार्गों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ दिखाई दी। गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को परेशान किया। शाम करीब पांच बजे के बाद आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। शाम करीब साढ़े छह बजे तक काली घटाएं छा गईं।
इस दौरान कई जगहों पर बारिश हुई तो कई जगह पर बूंदाबांदी हुई। सहपऊ में धूल भरी आंधी के बाद बिजली गुल हो गई। सासनी, सिकंदराराऊ और हसायन में तेज आंधी के बाद करीब आधा घंटे बारिश हुई। मुरसान में तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। शुक्रवार को दोपहर बाद आंधी, बारिश और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 32 डिग्री रहा। हालांकि शाम के समय बादल छाने और हवा चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।
किसानों की नजर भी अब मौसम पर टिकी हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वयक लेखराज ने बताया कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत है। बारिश और आंधी के दौरान खुले स्थानों, कमजोर पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े न होने की अपील की गई है।