शहर से लहरा रोड तक लंबे समय से जर्जर हालत में पड़ी सड़क के निर्माण को आखिरकार स्वीकृति मिल गई है। यह सफलता लहरा रोड निवासी विपिन सारस्वत की लगातार आईजीआरएस पर की गई शिकायतों और जनहित के प्रयासों का नतीजा मानी जा रही है।
लहरा रोड की हालत पिछले काफी समय से खराब थी। सड़क में गड्ढे, टूटे हिस्से और उबड़-खाबड़ सतह के कारण आए-दिन राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दिनों में सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या और भी गंभीर हो जाती थी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।
स्थानीय निवासी विपिन सारस्वत ने इस बारे में कई बार संबंधित विभागों से शिकायत की, लेकिन जब समाधान नहीं हुआ तो उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से लगातार शिकायतें दर्ज कराईं। उनके निरंतर प्रयासों के बाद नगर पालिका प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और अंतत: अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ने 20.33 लाख रुपये की लागत से सड़क के पुनर्निर्माण को हरी झंडी दे दी है।
ईओ नगर पालिका रोहित ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही शुरू किया जाएगा। निर्माण के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ और सुरक्षित रहे।
पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए उठाई थी आवाज
जागरूक नागरिक विपिन सारस्वत इससे पहले भी क्षेत्र में जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने पूर्व में पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए भी प्रयास किए थे, जिसके बाद क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की सुविधा बेहतर हुई थी। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर खुशी जताते हुए कहा कि इससे आवागमन सुगम होगा, दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा और क्षेत्र का समग्र विकास भी सुनिश्चित होगा।