रेवती मैया पंडाल में इंटरलॉकिंग सड़क बनाने का कार्य करते मजदूर। संवाद
- फोटो : Samvad
नगर पालिका परिषद हाथरस की बोर्ड बैठक में शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आगामी लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज को देखते हुए प्रमुख मेला मार्गों के निर्माण और मरम्मत के साथ ही विभिन्न वार्डों में सड़क, नाला और जलनिकासी से जुड़े करीब 10 करोड़ के कार्यों को स्वीकृति दी गई।
मेला मार्ग के लिए राज्य वित्त आयोग की निधि से बागमूला चौराहा से किला रेलवे फाटक तक सीसी रोड व साइड पटरी निर्माण पर 74.74 लाख रुपये, अक्रूर चौक नयागंज से किला गेट बिजलीघर तक सीसी मार्ग के निर्माण पर 1.37 करोड़ रुपये तथा काले खां सैय्यद के सामने सरकारी ट्यूबवेल के पास इंटरलॉकिंग टाइल्स लगवाने पर 55.10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत वार्ड 30 में मुख्य डाकघर से पीडब्ल्यूडी मार्ग तक सड़क व नाली मरम्मत, वार्ड सात में आगरा रोड से भोला सोफ फैक्टरी तक सीसी मार्ग व नाली तथा वार्ड 27 में रावत नगर में आरसीसी नाला निर्माण को मंजूरी मिली। इन कार्यों पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इसके अलावा वार्ड 16 में सीर चौराहा से अलीगढ़ ड्रेन तक आरसीसी नाला निर्माण पर 1.49 करोड़, वार्ड 15 में इगलास फाटक से अंत्येष्टि स्थल के पीछे तक नाला व सीसी सड़क निर्माण पर 2.12 करोड़ और वार्ड नौ में इगलास रोड पर नाला निर्माण पर 85.95 लाख रुपये खर्च होंगे। वार्ड 11 में अलीगढ़ रोड स्थित तहसील परिसर के सामने फुटपाथ पर इंटरलॉकिंग का कार्य को भी मंजूरी मिली। आगरा रोड से सरस्वती डिग्री कॉलेज मार्ग पर नाले के ऊपर आरसीसी कवर व दोनों तरफ सीसी सड़क निर्माण के लिए 8.06 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि मंजूर की गई।