शुक्रवार को नकली देसी घी बनाने की दो फैक्टरी पकड़े जाने के बाद प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने एक और फैक्टरी पर शुक्रवार देर रात और शनिवार को कार्रवाई की। यहां पूजा में इस्तेमाल होने वाला सस्ता घी बनाया जा रहा था। मिलावट की आशंका पर टीम ने यहां से दो नमूने लिए हैं।
शुक्रवार को दिन में गुड़हाई बाजार में चौबे वाली गली और मोहल्ला बजरिया में छापा मारकर नकली देसी घी बनाने की दो फैक्टरी पकड़ी थीं। यहां अमूल और पारस के नाम से नकली घी बनाया जा रहा था। शुक्रवार रात में नाई का नगला स्थित निशा ट्रेडर्स एंड पैकर्स पर छापा मारा गया। इस दौरान संचालक के नहीं मिलने पर फैक्टरी को सीज कर दिया गया। शनिवार दोपहर फैक्टरी संचालक महेशचंद्र अग्रवाल निवासी श्यामकुंज की मौजूदगी में संयुक्त टीम ने सीज फैक्टरी को खुलवाकर पूरे परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पता चला कि यहां अलग-अलग ब्रांड के नाम से नॉन एडिविल वेजिटेबल फैट/ऑयल से अखाद्य घी तैयार किया जा रहा था, जिसका पूजा सामग्री के रूप में इस्तेमाल होता है। मौके पर 24 कार्टन में एक लीटर के 431 डिब्बे और दो कार्टन में 26 पैकेट मिले हैं। टीम का कहना है कि प्रत्येक डिब्बे और पैकेट में एक लीटर एडिविल फैट मिला है और इन पर लेवल नहीं लगा था। माल को सीज कर कारोबारी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। इस दौरान संयुक्त टीम में एडीएम न्यायिक शिव नारायण, एसडीएम सदर नीरज शर्मा और खाद्य विभाग के अधिकारी शामिल रहे।