कस्बा बिसावर में विद्युत महकमे की टीम द्वारा लगाए गए राजस्व वसूली शिविर में शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। यहां आए चार लोगों ने अवर अभियंता व टीजीटू के साथ गाली-गलौज करते हुए हंगामा किया। इन लोगों ने उपभोक्ताओं की सूची को भी छीनकर फाड़ दिया और तोड़फोड़ की। अवर अभियंता ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज करा दिया है।
तहरीर में बिसावर के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के अवर अभियंता कमल सिंह पुत्र बलवीर सिंह ने बताया कि 26 अक्तूबर को बिसावर के पैंठ बाजार में जब वह टीम के साथ राजस्व वसूली का कार्य कर रहे थे तो करीब साढ़े 10 बजे गांव भरतिया निवासी एक युवक अपने साथ तीन लोगों को लेकर आया और शिविर वसूली कर रहे टीजी टू रंजीत सिंह और उनके साथ दुर्व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और तोड़फोड़ करने लगा।
हाथ में लगी हुई उपभोक्ताओं की सूची को उसने छीनकर फाड़ दिया। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई और राजस्व की हानि हुई। यह लोग जाते हुए जान से मारने की धमकी भी दे गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही यह लोग फरार हो गए।