सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस ने जनसेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना में शामिल एक और आरोपी को कासगंज रोड स्थित गांव नगला जलाल के पास से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए ढाई लाख रुपयों में से 8000 रुपये बरामद कर उसे जेल भेज दिया। मामले में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार अमित सिंह निवासी टटी डंडिया से 18 मार्च की रात मोहनपुरा कासगंज स्थित जनसेवा केंद्र से लौटते समय कार सवारों ने लूट लिया था। पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कासगंज रोड स्थित गांव नगला जलाल के निकट दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने अपना नाम प्रवीण कुमार निवासी गांव मेवता भट्ठी रोड चिरौड़ी थाना लोनी जिला गाजियाबाद बताया। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि लूट में शामिल पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।