गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट के लिए सब्जियों की मांग में जबर्दस्त इजाफा हुआ है। हाथ में विक्रेताओं ने ग्राहकों की सुविधा के लिए 50 से 60 सब्जियों का कॉम्बो पैक तैयार किया है। 100 से 150 रुपये प्रति किलो की दर से यह पैक ग्राहकों को खूब पसंद आ रहा है।
तिथियों के उलटफेर के चलते इस बार गोवर्धन पूजा का त्योहार आंशिक रूप से सोमवार को मनाया गया, जबकि पूरी तरह मंगलवार को मनाया जाएगा। पहले दिन अन्नकूट की सब्जियों की बिक्री काफी सीमित रही। अधिकांश घरों व मंदिरों में मंगलवार को मुख्य पूजन होने की वजह से सब्जी कारोबारियों ने बड़े पैमाने पर तैयारी की है।
अन्नकूट में सभी उपलब्ध मौसमी व पारंपरिक सब्जियों को मिलाकर भोग बनाने की धार्मिक मान्यता है। इसको ध्यान में रखते हुए विक्रेताओं ने एक ही थैले में 50 से 60 प्रकार की सब्जियों का मिश्रण तैयार किया है, ताकि श्रद्धालुओं को अलग-अलग दुकानें न भटकना पड़े। इस कॉम्बो पैक में आलू, गोभी, गाजर, मूली, बैंगन, शिमला मिर्च, लौकी, तोरई, कद्दू, पालक, मेथी, बथुआ, सोया, मटर, परवल, भिंडी और टमाटर जैसी आम सब्जियों के अलावा कई ऐसी दुर्लभ सब्जियां भी शामिल की गई हैं, जो सामान्य दिनों में ढकेलों पर कम ही नजर आती हैं।
इनमें कमल गट्टा (कमल ककड़ी), कमरख, जिमीकंद (सूरन), अरबी, चप्पन कद्दू, कुंदरू, ककोरा (कंटोला), कच्चा केला, कच्चा पपीता, सेम की फली, ग्वारपाठा, लोबिया की फली, शकरकंद, कच्ची हल्दी, आंवला, सिंघाड़ा, टिंडा, चुकंदर और पेठा जैसी औषधीय व पारंपरिक सब्जियां शामिल हैं।
आसपास की मंडियों से मंगवाईं खास सब्जियां
सोमवार को लोगों ने बहुत कम खरीदारी की, क्योंकि ज्यादातर लोग मंगलवार को ही गोवर्धन पूजा का त्योहार मनाएंगे। हमने आसपास की मंडियों और देहात से खास सब्जियां मंगवाई हैं। 50 से अधिक सब्जियों को उचित अनुपात में काटकर व छांटकर 100 से 120 रुपये किलो का कॉम्बो पैक बनाया है।
-कन्हैयालाल, सब्जी विक्रेता, गुड़हाई बाजार।
कई लोग कमल ककड़ी, जिमीकंद, सिंघाड़ा या कच्ची हल्दी जैसी चीजें अलग से नहीं ढूंढ पाते, इसलिए हमने 55 से 60 प्रकार की दुर्लभ व हरी सब्जियों का खास 150 रुपये किलो वाला प्रीमियम पैक तैयार किया है। मंगलवार सुबह से ही इसकी अच्छी खरीदारी होने की पूरी उम्मीद है।
-बंटू, सब्जी विक्रेता, नयागंज।