सिकंदराराऊ। तीन दिन से बिजली न आने से कुपित गांव नगला जलाल के बाशिंदों ने गुरुवार को कासगंज रोड स्थित 132 केवीए बिजलीघर का घंटों घेराव कर कंट्रोल रूम में ताला जड़ दिया। बाद में एसडीओ के शीघ्र बिजली चालू होने के आश्वासन पर ही ताला खोला गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव को आपूर्ति देने वाले ट्रांसफॅार्मर में कई दिन से कमी आ गई थी। इसके कारण गांव नगला जलाल की बिजली पूरी तरह बंद हो गई। बार-बार बिजलीघर जाकर ग्रामीणों ने शिकायत की लेकिन बिजली सही नहीं की गई। गुरुवार की दोपहर सैकड़ों ग्रामीण 132 केवीए बिजलीघर में पहुंच गए और ड्यूटी पर तैनात एसएसओ को बाहर कर कमरों पर ताला जड़ दिया। इससे पूरे इलाके की बिजली बंद हो गई तथा सनसनी मच गई। सूचना पर कोतवाल राजेश्वर त्यागी बिजलीघर पहुंचे तथा ग्रामीणाें से वार्ता की। सपा नेता मास्टर सुनील यादव औँर एसडीओ ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर कमरों का ताला खुलवाया तब कहीं जाकर इलाके की बिजली व्यवस्था बहाल हुई। ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें रोज कभी किसी फीडर से बिजली देने का आश्वासन दिया कभी किसी फीडर से, लेकिल बिजली नहीं मिली। एससडीओ ने आश्वासन दिया कि शीघ्र की खराब ट्रांसफॅार्मर को बदल दिया जाएगा।