संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
मंगलवार की रात कस्बे के मोहल्ला वंशीवाला में जर्जर विद्युत तारों में आग लग गई तो। इसके अलावा बुधवार को केनरा बैंक के सामने जयंती भाई मार्ग पर रखे ट्रांसफॉर्मर की केबल में आग लग गई। इससे घंटों तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। मोहल्ला वंशीवाला में बिजली नहीं आने से गुस्साए लोगों ने बिजली महकमे के खिलाफ नारेबाजी प्रदर्शन किया।
गर्मी के मौसम में विद्युत ट्रांसफॉर्मरों से लेकर जर्जर विद्युत तार जवाब दे रहे हैं। आए दिन इनमें आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं। यही नहीं, कस्बे में कई जगह विद्युत तार झूल रहे हैं। इससे लोगों को अपनी जान का भी खतरा बना हुआ है। इन अव्यवस्थाओं की वजह से कस्बे की बिजली आपूर्ति का भी बुरा हाल हो चुका है।
टीटीजेड में 24 घंटे बिजली दिए जाने के आदेश के बाद भी लोगों को सिर्फ 10 से 12 घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है। मोहल्ला वंशीवाला में जर्जर तारों में मंगलवार की रात आग लगने के बाद मोहल्ला बंसी वाला, मिर्जा पाड़ा, कस्बा कोठीद्वार, कस्बा रामलीला ग्राउंड में फेस चले जाने की वजह से काफी उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल सकी।
बुधवार की शाम तक यहां बिजली गुल बनी रही। यहां के लोगों ने आक्रोश जाहिर करते हुए कहा कि पिछले दो दिन से केबलों में आग लगने से तार टूटने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे बिजली गुल हो रही है। शिकायत करने के बाद भी लोगों को इस समस्या से मुक्ति नहीं मिल पा रही है और न ही जर्जर तारों को बदला जा रहा है।
आक्रोश जाहिर करने वालों में अनिल शेख, सत्यप्रकाश, सतीश कुमार, तपन जौहर, आकाश सागर, नीलम देवी, विजयरानी, मछला देवी, सन्नी कुमार, मनोज कुमार, संजू कुमार, तुफैल, गुफरान, शरीफ खान, जुम्मा वेग, राजकुमार, इशू कुमार आदि थे।