हसायन सीएचसी पर सोमवार रात एक प्रसव पीड़िता की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। महिला चिकित्सा कर्मियों पर लापरवाही और रिश्वत मांगने का आरोप लगाया।
स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों के इस गुस्से और हंगामे की खबर जिला मुख्यालय तक पहुंची इस पर सीएमओ मंगलवार को सीएचसी पहुंचे। प्रसूता की मौत और रिश्वत के आरोप पर जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
हसायन के गांव बांण निवासी दर्शन देव की पत्नी बबिता को प्रसव पीड़ा पर सोमवार को हसायन सीएचसी में भर्ती कराया गया था। ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने दर्द बढ़ाने का इंजेक्शन लगाया, लेकिन शाम तक प्रसव नहीं हुआ। दर्शन देव का आरोप है कि सामान्य प्रसव कराने के नाम पर सीएचसी में उससे 1500 रुपये मांगे गए।
रुपये नहीं दे पाया तो देर रात तक प्रसव नहीं कराया गया। रात करीब 12 बजे स्टाफ नर्स ने कहा कि उसकी पत्नी सो रही है। उसे किसी दूसरे अस्पताल में ले जाएं। जब उसने पत्नी को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी।
इस पर उसके परिजनों ने सीएचसी में हंगामा शुरू कर दिया। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। शाम में सीएमओ डा. रामवीर सिंह हसायन सीएचसी पहुंचे।
उन्होंने मरीजों को भर्ती करने और अच्छे व्यवहार की नसीहत दी। कहा कि मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।