फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंदगी पर गुस्सा, सफाई निरीक्षक को चूड़ियां पहनाईं

Tue, 04 Jul 2017 11:54 PM IST
अमर उजाला, हाथ्ारस
विज्ञापन
सफाई निरीक्षक को चूड़ी पहनाकर आक्रोश व्यक्त करतीं स्टेट बैंक कॉलोनी की महिलाएं।  - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
गंदगी, जलभराव की समस्या को लेकर लोग मंगलवार को शहरवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। आगरा रोड पुलिस चौकी के पास लोगों ने समस्या को लेकर जाम लगा दिया। नगर पालिका के प्रभारी अधिशासी अधिकारी लल्लन राम यादव का घेराव कर लिया। सफाई निरीक्षक संजय अग्रवाल को चूड़ियां पहनाकर खूब खरीखोटी सुनाईं। चेयरमैन और क्षेत्रीय सभासद पर भी स्टेट बैंक कॉलोनी इलाकेे की अनदेखी करने के आरोप लगाए। प्रभारी ईओ के आश्वासन के बाद ही लोगों ने आधा घंटे बाद जाम खोल दिया।
विज्ञापन


स्टेट बैंक कॉलोनी सहित आस पास के क्षेत्रों में जलभराव व गंदगी की समस्या को लेकर लोग भड़क उठे। मंगलवार की सुबह ही लोग घरों से बाहर निकल आए। हंगामे की जानकारी होने पर प्रभारी ईओ लल्लन राम यादव भी पहुंच गए। लोगों ने प्रभारी ईओ का घेराव कर लिया और खूब खरी खोटी सुनाईं। आक्रोशित लोगों ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाने की बात कही। सफाई निरीक्षक संजय अग्रवाल से भी काफी तू-तू मैं-मैं हुई। महिलाओं ने सफाई निरीक्षक को चूड़ियां पहना दीं। जाम लगाने के दौरान पालिका प्रशासन और चेयरपर्सन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
लोगों का कहना था कि कॉलोनी में जलभराव की समस्या कई दशक से बनी हुई है। अब तक दर्जनों बाद लिखित रूप से नगर पालिका अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन किसी ने आज तक कोई सुनवाई नहीं की।
विज्ञापन


संबंधित अधिकारियों को जब समस्या को लेकर फोन करते हैं, तो फोन भी रिसीव नहीं किए जाते। जो कर्मचारी सफाई कार्य के लिए कॉलोनी में तैनात है वह सफाई करने के नाम पर 100 से 200 रुपये हर घर से मांगता है। बारिश आने के बाद से कॉलोनी के हालात और भी बदतर हो गए हैं। घरों में गंदा पानी घुस रहा है। मकानों की दीवारें कमजोर हो रही हैं। एक दिन पूर्व भी एक प्रोफेसर के घर में सांप निकल आया, जिससे काफी देर तक पूरा परिवार परेशान रहा।

लोगों का कहना था कि अभी तो ईओ का घेराव और सफाई निरीक्षक को चूड़ियां पहनाईं हैं। यदि समस्या का समाधान शीघ्र ही नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा जिसकी सारी जिम्मेदारी पालिका के अधिकारियों की होगी।

प्रदर्शन की जानकारी मिली तो हम मौके पर गए थे। जलभराव की समस्या काफी पुरानी है। नालों की भी सफाई कराई जा रही है। एक दो दिन में सरस्वती इंटर कॉलेज वाली गली का चोक नाला भी खुलवाया जाएगा। लोगों को शीघ्र ही जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी। सफाई कर्मचारी घूस मांगते हैं तो इसकी भी जांच कराकर कार्रवाई होगी।
- लल्लनराम यादव, प्रभारी अधिशासी अधिकारी।

कागजों में कर रहे नालों को साफ?
स्टेट बैंक कॉलोनी के अलावा रवि कुंज, आवास विकास कॉलोनी, अईयापुर कलां, कंचननगर, शिव कॉलोनी, भोजा नगला, भट्टा वाली गली में भी जलभराव रहता है। सरस्वती इंटर कॉलेज की गली में होकर जा रहा नाला कई साल से चोक पड़ा है। यही कारण है कि उक्त क्षेत्रों में जलभराव रहता है। कई साल से नाले की सफाई नहीं हुई है। पालिका अधिकारी हर बार टेंडर होने की बात कहते हैं, लेकिन नाले की सफाई किस तरह होती है यह आज तक किसी ने नहीं देखी। कुछ लोगों का आरोप था कि पालिका अधिकारी कागजों में नालों को साफ करके बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार कर रहे हैं उसकी जांच होनी चाहिए और भ्रष्टाचार सिद्ध होने पर सख्त कार्रवाई हो।

प्रदर्शन, पुतला दहन के बाद भी नहीं हो रही सुनवाई
शहर मेें स्टेट बैंक कॉलोनी अकेला ऐसा क्षेत्र नहीं है, जहां जलभराव की समस्या है। शहर के दर्जनों क्षेत्रों में जलभराव व गंदगी रहती है। जलभराव वाले क्षेत्रों के लोगों का आक्रोश कभी भी सड़क पर उतर सकता है। शहर के नगला तुंदला की बात करें तो जलभराव के कारण यहां से कई घर पलायन कर चुके हैं। घरों के सामने हर समय गंदा पानी भरा रहता है। बारिश के मौसम में हालात बद से बदतर हो जाते हैं। इसी तरह श्रीनगर, नई बस्ती, रमनपुर, सियाराम कॉलोनी, बाला पट्टी, लाला का नगला, मोहन गंज, लक्ष्मी टाकीज गली, होली वाली गली, जलेसर रोड, भूरापीर, लाल डिग्गी, खोंडा हजारी में भी जलभराव की समस्या काफी समय से चली आ रही है। उक्त क्षेत्रों के लोगों ने कई बार नगर पालिका प्रशासन का पुतले फुंके हैं। जाम तक लगाया गया है। यदि समस्या के निदान की बात करें तो कुछ भी नहीं हुआ। वहीं जिस क्षेत्र में भी नगर पालिका के अधिकारी जाते हैं। वहां लोग उनका विरोध शुरू कर देते हैं।
विज्ञापन




 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें