हाथरस : गैस लीक होने के बाद चिलिंग प्लांट पर लगी भीड़। संवाद
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
अलीगढ़ जीटी रोड पर जायडस कैडिला मिल्क कलेक्शन के चिलर प्लांट पर बुधवार की सुबह करीब 10 बजे छोटे से बड़े सिलिंडर में रिफिल करते समय अमोनिया गैस लीक हो गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। कर्मियों ने तत्काल गैस के रिसाव पर काबू पा लिया। चिंता तो तब और बढ़ गई, जब यह पता चला कि पास ही बने स्कूल में बच्चे मौजूद हैं। गैस की बदबू आते ही बच्चों को कक्षाओं से निकालकर सुरक्षित दूसरी जगह पहुंचाया गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
बता दें जीटी रोड पर कमला ऑयल मिल एवं चिलर प्लांट बाबा डेयरी परिसर में जायडस कैडिला कंपनी का चिलर है। यहां प्रतिदिन हजारों लीटर दूध का कलेक्शन होता है। बुधवार की सुबह गैस को बड़े सिलिंडर में रिफिल किया जा रहा था। तभी किसी तरह पाइप से गैस लीक होने लगी। गैस की बदबू फैलते ही चिलिंग प्लांट के तकनीशियन तत्काल मौके पर पहुंच गए और मामूली प्रयास से गैस के रिसाव को रोक दिया।
पास के ही एपीएस स्कूल के गेट पर खड़े कर्मियों को गैस की बदबू आई तो उन्होंने प्रधानाचार्य को सूचित किया। बच्चों को कोई नुकसान न पहुंचे, इसलिए तत्काल कक्षाएं खाली करा ली गईं और बच्चों को फार्मेसी कॉलेज परिसर में सुरक्षित पहुंचा दिया गया। मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मी ने बताया कि गैस रिसाव हुआ था, लेकिन हादसे को टाल दिया गया है। संवाद