नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ लेती छात्राएं।
- फोटो : SHAPHU
गांव मढ़ाका स्थित एलआरके गौतम इंटर कॉलेज में अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्यक्षता अध्यापक सुग्रीव सिंह गोला ने की। कॉलेज के प्रधानाचार्य सुनील कुमार गौतम एवं अध्यापकों ने मां सरस्वती के प्रतिमा के आगे दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
गोष्ठी में कक्षा 12 की छात्रा कु. सरस्वती ने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देते हुए उनके द्वारा लड़कियों के उत्थान के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा, इस कार्यक्रम के लिए आम जनता को जागरूक बनना होगा। तभी बेटियों का भविष्य उज्ज्वल होगा।
कु. पूूजा ने युवाओं द्वारा लड़कियों को घूर कर देखने पर व्यंग करते हुए कहा, इसके लिए समाज दोषी है। छात्रा कु. निर्मला ने कहा आखिर यह समाज बच्चियों की भ्रूण में ही हत्या क्यों कर देता है? बच्चियों के बारे में सोच बदलने की आवश्यकता है। छात्राओं में रितका, वन्दना, हिंमाशी, रानी मुस्कान, ललितेश, शिवानी आदि ने भी नारी के सामने आने वाली समस्याओं के बारे में अपने विचार व्यक्त किए ।
बाद में प्रधानाचार्य नवीन कुमार ने अमर उजाला द्वारा चलाए जा रहे अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के जरिये नारी की गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने एवं उनमें नारी को समाज में सम्मान दिलाने के लिए तथा समाज में नारी के सम्मान के प्रति जागरूकता पैदा करने की मुहिम की सराहना की एवं छात्राओं को नारी गरिमा को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ दिलाई। गोष्ठी का संचालन नारायण सिंह पचौरी ने किया। इस मौके पर रवेन्द्रनाथ, अमित कुमार, सुनील कुमार शर्मा एवं कु. स्वाति आदि मौजूद थे।