शादी के महज चार दिन बाद दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर लाखाें की लूट को अंजाम देने वाली शातिर दुल्हन के खिलाफ उसके पति केहर सिंह ने कोतवाली हाथरस गेट पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है। मंगलवार को होश में आए केहर सिंह ने अपनी शिकायत में शादी कराने वाले बिचौलिए की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। पुलिस को शक है कि दुल्हन जहरखुरानी करने वाले गिरोह से जुड़ी है। पुलिस अब शादी कराने वाले बिचौलिए की भी तलाश कर रही है ताकि लूट की इस वारदात से पर्दा हटाया जा सके।
गढ़ी नंदराम निवासी केहर सिंह का कहना है कि 18 मई को बौहरे वाली देवी मंदिर में उसकी शादी हुई थी। इगलास क्षेत्र के गांव कनौरा के महावीर सिंह पुत्र तारा सिंह ने यह शादी कराई थी। महावीर सिंह ने कहा था कि फीरोजाबाद के गांव राजा का ताल निवासी पप्पू उनका परिचित है और दुल्हन सुमन उसकी सगी बहन है। महावीर सिंह की बातों पर यकीन करने के बाद केहर सिंह ने शादी को हां कर दी। शादी के दिन ही केहर सिंह सुमन को अपने घर ले आए थे। 21 मई की रात को सुमन ने दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के चार सदस्यों को पिला दिया।
दूध पीकर केहर सिंह, उनके भाई ओमप्रकाश, मां सफेदी देवी और भांजा श्यामू बेहोश हो गए। सभी लोग बेहोशी की हालत में रातभर घर में पड़े रहे। 22 मई की सुबह गांव के चंद्र्रपाल जब केहर सिंह के घर पहुंचे तो सभी को बेसुध देखकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सुमन घर में रखे 35 हजार रुपये नगद, एक सोने की चेन, सोने की अंगूठियां, चांदी की पायल और कीमती मोबाइल फोन लूट ले गई। कोतवाली हाथरस गेट के एसएसआई रामावतार का कहना है कि केहर सिंह की शिकायत पर आरोपी महिला सुमन और बिचौलिए महावीर सिंह के विरुद्ध धारा 328 के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।