हाथरस। अमर उजाला अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स के तहत हाथरस जंक्शन क्षेत्र के श्रीमती अमोल कुमारी इंटर कॉलेज धौरपुर में छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मतदाता जागरूकता अभियान चलाने की शपथ ली। शपथ ली गई कि मतदाताओं को मतदान के लिए जागरूक किया जाएगा। छात्राओं ने यह नारा बुलंद किया कि सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो। इस मौके पर अपील की गई कि यहां 18 अप्रैल को वोटिंग होगी, इसलिए सभी वोट सबसे पहले वोट डालने जाएं।
इस मौके पर प्रधानाचार्य केके सेंगर ने कहा कि हर मतदाता के लिए मतदान करना बेहद जरूरी है। तभी वह अपने अच्छे जनप्रतिनिधि का चुनाव कर सकता है, जोकि उसकी आवाज को संसद तक में पहुंचा सके। अध्यापिका ज्योति ने कहा कि महिलाओं को चाहिए कि वह लोकतंत्र के इस उत्सव में ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान कर भाग लें। महिलाएं ऐसी सरकार बनाएं, जो उसके हित की बात करती हो। वर्षा वर्मा ने कहा कि आज नारी सशक्तीकरण का दौर चल रहा है। ऐसे में महिलाओं का मतदान करना बेहद अहम है। ऐसी सरकार बननी चाहिए, जो छात्राओं की शिक्षा और सुरक्षा पर विशेष रूप से फोकस रखे।
मुनेेंद्र कुमार ने इस मौके पर कहा कि इस बार ऐसा सांसद चुनना है, जिसकी करनी और कथनी में फेर नहीं हो। वह जनता के बीच का व्यक्ति हो और उसे हर किसी के दुख-दर्द से लगाव हो। कार्यक्रम में दिनेश कुमार, कुमकुम, साक्षी, प्रिया, शिखा, काजल, सोनम, अंजलि, पायल, डिंपल, गुंजन, राधिका, निशा, तृप्ति, दीक्षा, पावनी, सोफिया बानो, गौरी, भूमिका, पूनम, राधा, आरती आदि ने विचार व्यक्त किए। संचालन केके सेंगर ने किया।