गोली लगने से घायल कॉलेज के वरिष्ठ लिपिक का उपचार करते चिकित्सक।
- फोटो : अमर उजाला
हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के सेठ हरचरनदास गर्ल्स इंटर कॉलेज के वरिष्ठ लिपिक को शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे बाइकर्स ने दिन दहाड़े गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शहर की घनी आबादी वाले रामनगर पंजाबी क्वार्टर कॉलोनी में इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार तीनों हमलावर तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। घायल को लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां पर कॉलेज और परिवार के लोग पहुंचे, जिसके बाद बाबू को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
शहर के कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला बालापट्टी निवासी मदन मोहन गौतम सेठ हरचरनदास गर्ल्स इंटर कॉलेज में वरिष्ठ लिपिक के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार की दोपहर को करीब दो बजे वह कॉलेज से बाइक पर सवार होकर अपने बालापट्टी स्थित घर जा रहे थे। जैसे ही वह रामनगर पंजाबी क्वार्टर कॉलोनी पहुंचे तो उन्हें एक बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने घेर लिया और कई गोलियां दागीं। एक गोली उनकी कनपटी के पास लगी, जिसके बाद वह वहीं पर गिर गए। फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई। इस बीच हमलावर वरिष्ठ लिपिक को गोली मारकर तमंचा लहराते हुए भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद स्थानीय लोगों की मौके पर भीड़ लग गई।
लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से बाबू को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। इधर, इस मामले की सूचना मिलते ही एसओजी टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीम ने यहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग को खंगाला। आगरा में घायल वरिष्ठ लिपिक का उपचार जारी है। इस घटना के पीछे कोई पुरानी रंजिश मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस को अभी तहरीर का इंतजार है।