कोतवाली हाथरस जंक्शन के बेहटा माइनर के निकट एक गाय को बचाने की कोशिश में ट्रैक्टर पलट गया। दुर्घटना में लक्षीमपुर निवासी चालक व उसके चचेरे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया। मौके पर आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।
मानिकचंद्र (22) पुत्र हाकिम सिंह अपने चचेरे भाई उमेश (17) पुत्र रतन सिंह निवासी लक्षीमपुर बेहटा के साथ गांव के रमेश के ट्रैक्टर से खेत जोतकर घर लौट रहा था। बेहटा माइनर पर सामने से आ रही गाय को बचाने के चक्कर में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया, जिसके नीचे मानिकचंद्र और उमेश दब गए।
इससे पहले कि आसपास के लोग उन्हें आकर ट्रैक्टर के नीचे से निकालते, दोनों की मौत हो गई। दो युवकों की मौत से गांव में कोहराम मच गया। जिसने भी घटना के बारे में सुना, वह घटना स्थल की ओर दौड़ पड़ा। देखते ही देखते वहां काफी भीड़ लग गई।
सूचना के बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। दोनों युवकों के शवों का पंचनामा भरवाकर उन्हें पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिए। गांव में कोहराम मचा रहा।