हाथरस। विवि की मुख्य परीक्षा के ऐनवक्त पर फिर से जिले के एक परीक्षा केंद्र में बदलाव कर दिया गया। अचानक बदले गए इस परीक्षा केंद्र से परीक्षार्थियों ने काफी परेशानी झेली। उन्हें एक परीक्षा केंद्र से दूसरे परीक्षा केंद्र तक की दौड़ लगानी पड़ी। इससे कई परीक्षार्थी समय से नहीं पहुंच सके।
विवि द्वारा वेबसाइट पर जारी की परीक्षा केंद्रों की सूची में पहले श्री लाखन सिंह खजानी देवी महाविद्यालय मुरसान को जगन्नाथ प्रसाद महाविद्यालय कोटा हाथरस से अटैच किया गया था। यानि कि लाखन सिंह खजानी देवी महाविद्यालय के परीक्षार्थियों की परीक्षा जगन्नाथ प्रसाद महाविद्यालय में होनी थीं, लेकिन रविवार की रात अचानक इसमें फेरबदल कर दिया गया। अब लाखन सिंह खजानी देवी महाविद्यालय मुरसान के परीक्षार्थियों की सभी परीक्षाएं जेपीजीडी डिग्री कॉलेज चंदपा में होंगी। लाखन सिंह खजानी देवी महाविद्यालय मुरसान के प्रबंधक महावीर सिंह ने बताया कि उनके महाविद्यालय के सभी परीक्षार्थियों की परीक्षा अब चंदपा के जेपीजीडी महाविद्यालय में होंगी।