गिरफ्तारी के डर से टॉवर पर चढ़ा मारपीट का आरोपी
हाथरस जंक्शन के रामपुर गांव का युवक पुलिस पहुंचने से पहले ही टावर से उतर कर भागा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव रामपुर में शुक्रवार की शाम उस समय मजमा लग गया जब मारपीट का एक आरोपी टॉवर पर चढ़ गया। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई लेकिन तब तक पुलिस को देखकर वह वहां से भाग गया। पुलिस अब उसे तलाश रही है।
करीब दो महीने पहले बारात चढ़त के दौरान गांव रामपुर में झगड़ा हो गया था। इसमें एक व्यक्ति के गंभीर चोटें आईं थीं। उसने सात लोगों के खिलाफ धारा 308 में मुकदमा कराया था। इसमें प्रेमसिंह, रामपाल, मनोज पुत्रगण अशरफी लाल, श्याम बाबू पुत्र गीतम सिंह, सतीश पुत्र गंगासरन और नरेश पुत्र हरीशंकर निवासीगण रामपुर के नाम शामिल हैं।
बताते हैं कि नरेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके घर पर रात को गई थी, लेकिन वह नहीं मिला तो पुलिस लौट आई। कोतवाली निरीक्षक हाथरस जंक्शन मनोज शर्मा की मानें तो इसी गिरफ्तारी के डर से पुलिस पर दबाव बनाने के लिए मारपीट का आरोपी नरेश हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन के वॉकी-टॉकी के टावर पर चढ़ गया। यहां पर लोगों की भीड़ लग गई, पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह टावर से उतर कर भाग गया।