कोतवाली सदर क्षेत्र में शहर के बीचोंबीच चामड़गेट पर एक सराफा कारोबारी का रास्ता रोककर रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। दबंगों ने कारोबारी से चौथ मांगी, नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है। कारोबारी की तहरीर के आधार पर तीन नामजदों सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के रूई की मंडी निवासी सराफा कारोबारी गौरव वर्मा की हजारीलाल नाम से फर्म है। गौरव वर्मा ने बताया कि वह शनिवार की शाम साढ़े सात बजे चामड़गेट पर मिठाई लेने गए थे। वहां से मिठाई लेकर लौट रहे थे। तभी चामड़गेट पर कुछ दबंगों ने उसका रास्ता रोक लिया। उनसे कहा कि तू रूई की मंडी में रहता है। तेरा वहीं से अपहरण कर ले जाएंगे। तू बहुत पैसा कमा रहा है। हमारा भी ध्यान रख। नहीं तो जान से मारा जाएगा। हम तेरे जैसों का ही इलाज अच्छे से करना जानते हैं। सभी रंगदारी दिखाकर चौथ की मांग कर रहे थे। अपनी जान बचाकर गौरव किसी तरह घर पहुंचे और स्वजन को बात बताई। इस घटना के बाद परिवार के लोग दहशत में हैं। गौरव ने तीन लोगों को पहचान लिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मीतई निवासी राहुल, नगला गुलरिया निवासी पंकज व पिंटू चौधरी और दो दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।