ग्रामीण खाद्य एवं बीज सहकारी केंद्र में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 5,37,000 रुपये ले लिए। बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। वेतन के तौर प भी फर्जी चेक दे दिए, जो बैंक में बाउंस हो गए।
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। कोर्ट के जरिए उन्होंने कोतवाली हाथरस गेट में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन
नगला भूरा के रहने वाले भगवती प्रसाद ने आरोप लगाया है कि तमनागढ़ी के रहने वाले बनवारी लाल ने अपने दो साथियों सौरभ दुबे व कासिम निवासी लखनऊ के साथ मिलकर उन्हें अपनी बातों में फंसा लिया। इन व्यक्तियों ने खुद को संबंधित विभाग का अधिकारी बताते हुए बेटे भानू प्रताप और बेटी ममता को ग्रामीण खाद्य एवं बीज सहकारी केंद्र में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
इसके एवज में छह लाख रुपये की मांग की। 2022 में विभिन्न तारीखों में अलग-अलग लेनदेन में 5,37,000 रुपये उनसे ले लिए। 13 सितंबर 2022 को फर्जी नियुक्ति पत्र सौंप दिया। जनवरी 2023 में वेतन के तौर पर फर्जी चेक दिए, जो बैंक में अपर्याप्त धनराशि होने के कारण बाउंस हो गए।
विज्ञापन
भगवती प्रसाद का आरोप है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी। एसएचओ कोतवाली हाथरस गेट ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।